मुरादाबाद। रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को मंगलवार से बढ़ा हुआ किराया चुकाना होगा। 25 पैसे प्रति किलोमीटर किराया बढ़ने से मुरादाबाद से दिल्ली का सफर 42 रुपये मंहगा हो गया है। जबकि लखनऊ के लिए 88 रुपये अधिक चुकाने पड़ेंगे।
मुख्यालय से पत्र मिलने के बाद मुरादाबाद में रोडवेज अधिकारियों ने सोमवार देर रात 12 बजे से नया किराया लागू कर दिया है। अब तक साधारण रोडवेज बसों का किराया 1.05 रुपये प्रति किलोमीटर था। इसके अलावा टोल टैक्स व यात्री दुर्घटना बीमा आदि का शुल्क निर्धारित है। अब किराया बढ़ाकर 1.30 पैसे प्रति किलोमीटर हो गया है। यह बढ़ोतरी साधारण बसों के अलावा जनरथ, स्लीपर व वॉल्वो बसों में भी लागू हो गई है।
मुरादाबाद में सैकड़ों लोग रोजाना संभल-चंदौसी, अमरोहा, रामपुर, गजरौला के लिए बसों में सफर करते हैं। महंगे किराये का असर एमएसटी पर भी पड़ा है।
रोडवेज प्रबंधन मंगलवार को एमएसटी शुल्क की नई सूची लागू करेगा। रोडवेज के आरएम मोहम्मद परवेज खां का कहना है कि इससे निगम का राजस्व बढ़ेगा। साथ ही यात्री सुविधाओं पर बेहतर काम किया जा सकेगा।
सीएनजी ऑटो चालक संगठन ने पांच रुपये किराया बढ़ाया
मुरादाबाद। राज्य परिवहन प्राधिकरण की तरफ से किराया निर्धारित होने पर ऑटो यूनियन ने प्रत्येक स्टाॅपेज के लिए पांच रुपये अतिरिक्त किराया बढ़ा दिया है। अब ऑटो में सफर करने वालों की जेबें ढीली होंगी। सिटी ऑटो रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन लाल सिंह ने बताया कि राज्य परिवहन प्राधिकरण के आदेश की जानकारी मिलने पर उसने यात्री किराया पांच रुपये अतिरिक्त बढ़ाने का निर्णय लिया है। इंपीरियल शिव मंदिर से पूरब रिक्त स्थान पर मंगलवार की दोपहर एक बजे ऑटो चालकों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में किराए के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। संवाद