मुरादाबाद। मुगलपुरा थानाक्षेत्र में रहने वाले फर्मकर्मी के खाते से साइबर अपराधी ने 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज आया तो उसे साइबर ठगी की जानकारी हो सकी। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत कर रकम वापस कराने की गुहार लगाई है।
मुगलपुरा निवासी फर्मकर्मी अनवर हुसैन ने बताया कि बारह अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अनवर हुसैन से इस तरह बातचीत की। जिससे लगा कि उसके मामा का फोन है। परिवार का हाल चाल जाने के बाद आरोपी ने कहा कि उसके पिता ने कुछ रुपये भेजने के लिए कहा है। अनवर ने सोचा की शायद पिता ने रुपये मंगवाए होंगे। इसके बाद उसने आरोपी को अपने गूगल पे का नंबर और पिन बता दिया। इसके बाद आरोपी ने अनवर के खाते से तीन बार में 35 हजार रुपये निकाल लिए। अनवर के मोबाइल पर मैसेज आया तो उसे साइबर ठगी की जानकारी हो सकी। तब उसने अपने मामा के नंबर पर कॉल की। तब पता चला कि मामा ने कोई कॉल नहीं की है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय और साइबर सेल में प्रार्थनापत्र दिया है।