मुरादाबाद। गजरौला-अलीगढ़ पैसेंजर मंगलवार को लगभग आधा घंटा देरी से शाम चार बजे लोदीपुर बिशनपुर स्टेशन पर पहुंची। 25 मिनट बाद भी ट्रेन नहीं चली तो यात्रियों ने स्टेशन मास्टर से कारण पूछा। पता चला कि चंदौसी लाइन पर ब्लॉक है। उसके खुलने के बाद ही पैसेंजर को रवाना किया जाएगा।
स्टेशन मास्टर ने यात्रियों को बताया कि एक मालगाड़ी व एक एसी डबल डेकर एक्सप्रेस पीछे से आ रहीं हैं। पहले उन्हें निकाला जाएगा। इससे यात्रियों में आक्रोश बढ़ गया। उनका कहना था कि मुरादाबाद तक लाइन क्लियर है तो पहले पैसेंजर को निकाला जाए। स्टेशन मास्टर ने यात्रियों की नहीं सुनी और मालगाड़ी को लोदीपुर से पास करा दिया। इसके बाद एसी डबल डेकर को भी लाइन क्लियर का सिग्नल दे दिया। दैनिक रेल यात्री संगठन के अध्यक्ष सुधीर पाठक भी ट्रेन में मौजूद थे। उन्होंने सीनियर डीओएम को फोन पर यात्रियों की परेशानी बताई। सीनियर डीओएम ने एसी डबल डेकर को लोदीपुर में रोककर 4:30 बजे अलीगढ़ पैसेंजर को पहले रवाना कराया। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली और अधिकारी को धन्यवाद दिया।