मुरादाबाद। वाराणसी से बरेली के बीच चलने वाली (14235) वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस ने बृहस्पतिवार को सिगनल ओवरशूट कर दिया। घटना बृहस्पतिवार सुबह 10:55 बजे रोजा से आगे कौढ़ा स्टेशन के पास हुई। सिगनल रेड होने के बावजूद इंजन और तीन बोगियां आगे निकल गईं। इस मामले में ड्राइवर वीपीएस यादव और सहायक ड्राइवर नरेंद्र पाल सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
दोनों को मेडिकल के लिए रोजा बुलाया गया। इसके बाद रोजा से दूसरे ड्राइवर भेजकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। इस बीच वाराणसी और लखनऊ से चलकर बरेली, मुरादाबाद की ओर आने वाली कुछ ट्रेनें भी लेट हुईं। ओवरशूट मामले में ड्राइवर और सहायक ड्राइवर दोनों मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली में तैनात हैं। घटना होने के बाद कंट्रोल को मैसेज जारी किया गया। सूचना उत्तर रेलवे के जोनल मुख्यालय नई दिल्ली तक भी पहुंच गई। इसके बाद मंडल मुख्यालय से ड्राइवर और सहायक ड्राइवर के निलंबन के आदेश जारी हुए। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि रेलवे के नियमानुसार दोनों को निलंबित कर दिया गया। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।