मंडी से जुड़े व्यापारियों की बैठक एडीएम प्रशासन गुलाबचंद अध्यक्षता में की गई। जिसमें 72 व्यापारियों ने प्रतिभाग किया। सभी को यह मैसेज दिया गया कि जिले में गेहूं का अवैध भंडारण और जिले से बाहर गेहूं नहीं जाना चाहिए। व्यापारियों को समर्थन मूल्य पर से नीचे गेहूं नहीं खरीदने की भी बात कही गई।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में एडीएम प्रशासन ने कहा कि जिले में गेहूं खरीद के लिए 86 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर जो भी गेहूं किसानों से खरीदा जाएगा वह जिले के लोगों को ही पीडीएस के माध्यम से आगे कार्डधारकों को दिया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल रखा है। लिहाजा व्यापारी, आढ़ती किसी भी दशा में किसानों से इससे कम दर पर गेहूं नहीं खरीदेंगे। उन्होंने बताया कि 2.15 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद करके जिला प्रदेश में दसवें स्थान पर है। इस मौके पर जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी राजेश्वर प्रताप सिंह के अलावा कई आढ़ती व व्यापारी मौजूद रहे।