मुरादाबाद। वेलेंटाइन डे के मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों पर प्यार का इजहार करने वालों पर पहरा बैठाया। शहर के नया मुरादाबाद स्थित हर्बल पार्क में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना की अगुवाई में पचासों बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर वहां टहलने आए कई युवक-युवतियों को घेर लिया। युवती से साथ मौजूद युवक के राखी बंधवा कर और युवक से युवती का पैर छुवा कर छोड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा बुझाया तब कार्यकर्ता माने और पार्क से बाहर गए।
प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना की अगुवाई में पचासों बजरंग दल कार्यकर्ता पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत वेलेंटाइन डे के मौके पर सार्वजनिक स्थानों पर प्यार का इजहार करने वालों का विरोध करने के लिए बाइक व कार आदि से दोपहर करीब सवा बजे हर्बल पार्क पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पार्क में पहुंच नारेबाजी शुरू कर दी। यह देख वहां टहलने आए तमाम युवक, युवतियां व महिला-पुरुष और बच्चे दंग रह गए। इसी बीच बजरंग दल कार्यकर्ताओं को दो स्थानों पर युवक-युवती हाथ में हाथ डाल कर टहलते मिल गए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दोनों को घेर लिया। उनसे तरह-तरह के सवाल करने लगे। उसके बाद दोनों के बीच रिश्ता पूछा। चुप रहने पर युवती से युवक को भाई और युवक से युवती को बहन कहलवाया। फिर युवती से युवक के हाथ में राखी बंधवाई, युवती से पैर छुवाने के बाद उन्हें जाने दिया।
सूचना पर थाना मझोला की पुलिस चौकी नया मुरादाबाद के इंचार्ज आनंदपाल महिला पुलिस के साथ पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझाबुझा कर शांत किया। इसके बाद बजरंगदल कार्यकर्ता वहां से चले गए।
-