मुरादाबाद। केजीके कॉलेज में शिक्षिका पर मुख्य नियंता द्वारा टिप्पणी करने का मामला क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी तक पहुंच गया है। उन्होंने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. संध्यारानी ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से केजीके कॉलेज में मुख्य नियंता द्वारा एक शिक्षिका पर अभद्र टिप्पणी करने की जानकारी मिली थी। शिक्षण संस्थान में इस तरह की गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
समिति में राजकीय डिग्री कॉलेज भोजपुर के प्रो. नरेश कुमार संयोजक हैं। इसके अलावा राजकीय रजा डिग्री कॉलेज रामपुर की प्रो. डॉ. जागृति मदान और महिला राजकीय डिग्री कॉलेज रामपुर की प्राचार्य भी समिति में शामिल हैं। तीनों को मामले की जांच कर अगले सप्ताह तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
शिक्षक संघ का सुलह कराने का प्रयास
शिक्षक संघ केजीके पीजी कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार सोनकर ने कहा कि एक शिक्षक के तौर पर मेरा मानना है कि आरोप-प्रत्यारोप करने से किसी का हित नहीं है। कॉलेज व शिक्षक हित में दोनों शिक्षकों के बीच सुलह होनी चाहिए। शनिवार को कॉलेज में शिक्षिका से मुलाकात की। उनसे भी इस प्रकरण को समाप्त करने का अनुरोध किया है। कॉलेज के ही कुछ शिक्षक उनका का इस्तेमाल कर रहे हैं।