एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि बिलारी क्षेत्र के रुस्तम नगर सहसपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह के खेत में 14 जनवरी की सुबह एक युवक का शव मिला था। मृतक की शिनाख्त बिलारी के मोहल्ला कहारान निवासी राजू सक्सेना(22) पुत्र राजेंद्र सक्सेना के रूप में हुई थी। राजू सक्सेना मजदूरी करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
इस मामले में राजू के पिता राजेंद्र सक्सेना ने बिलारी के मोहल्ला कहारान निवासी राजू कश्यप, पंकज कश्यप और रिंकू कश्यप के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया कि आरोपी राजू कश्यप चाऊमीन का ठेला लगाता है। 12 जनवरी को राजू सक्सेना उसके
ठेले पर चाऊमीन खाने गया था। चाऊमीन में अधिक मसाला डालने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गई थी। आरोप है कि राजू सक्सेना ने राजू कश्यप का अपमान कर दिया था। उस वक्त तो लोगों ने दोनों को समझाकर समझौता करा दिया था लेकिन इसके बाद राजू कश्यप ने अपने दोस्त रिंकू कश्यप और पंकज कश्यप को मामले की जानकारी दी। 13 जनवरी की शाम पंकज कश्यप ने राजू सक्सेना को गेहूं के खेत पर बुला लिया और राजू के अपमान करने की शिकायत की तो वह तीनों के साथ गाली-गलौज करने लगा था। इस पर तीनों ने मिलकर उसके गले में पड़े गमछे को कसकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद तीनों मौके से भाग गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को मंगलवार शाम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को फुटेज से मिले अहम सुराग
पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच पड़ताल शुरू की और आसपड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज से पता चला कि आरोपी पंकज कश्यप राजू सक्सेना को अपने साथ जंगल की ओर ले जाता दिख रहा था। इसी क्लू के आधार पर पुलिस ने पंकज को उठाकर उससे पूछताछ की तो उसने घटना कबूल करते हुए बताया कि राजू कश्यप के कहने पर ही वह राजू सक्सेना को बुलाकर जंगल में ले गया था। इसके बाद पुलिस ने बाकी दोनों आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए और हत्याकांड का खुलासा कर दिया।