मुरादाबाद। लोक सभा चुनाव में स्थायी निगरानी टीम में जामा मस्जिद पुल पर लगाए गए बैरियर पर वीडियोग्राफी कार्य के लिए तीन रोजगार सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। सूचना मिलने पर उपायुक्त श्रम रोजगार ने तीनों को नोटिस जारी कर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
उपायुक्त श्रम रोजगार एवं पीडी सतीश प्रसाद मिश्र ने बताया कि लोकसभा चुनाव में स्थायी निगरानी टीम बनाई गई है। इस टीम में ग्राम पंचायत डिलरा के ग्राम रोजगार सेवक शमीम अहमद, ग्राम पंचायत गतौरा के रोजगार सेवक बाबू तथा ग्राम जैतिया सादुल्लापुर के रोजगार सेवक रियासत अली की ड्यूटी 18 मार्च को जामा मस्जिद पुल पर लगाए गए बैरियर पर वीडियोग्राफी कार्य के लिए लगाई गई। निगरानी के लिए लगाए गए इंचार्ज मजिस्ट्रेट द्वारा अवगत कराया गया कि तीनों रोजगार सेवक ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। उपायुक्त श्रम रोजगार ने इसे गंभीरता से लेते हुए तीनों को नोटिस जारी किया है। जिसमें निर्धारित स्थान पर लगाई गई ड्यूटी का पालन करने को कहा गया है तथा ऐसा न करने पर इसे निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के विरुद्ध मानते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर कराने की भी चेतावनी दी गई है।