पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी पालिका के पूर्व सभासद चेतन चौधरी समेत तीन लोगों को बुधवार सुबह उनके घरों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया।
बिलारी निवासी धर्मेंद्र कुमार शर्मा एडवोकेट ने डीएम से की शिकायत में पूर्व सभासद चेतन चौधरी, राजीव सिंह और विजयवीर सिंह पर फर्जी अखबार के लैटर पैड बनवाकर लोगों से अवैध उगाही करने और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में भी शामिल होने का आरोप लगाया था। अधिवक्ता का आरोप था कि कचहरी में पैरवी के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक, चेतन चौधरी, राजीव सिंह, विजयवीर सिंह व भूरा जाटव ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी थी।
डीएम के आदेश पर बिलारी पुलिस ने सात जनवरी 2024 को पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी व फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दजई की थी। जिसकी जांच थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामनरेश यादव को सौंपी गई थी। जांच के बाद बिलारी के मोहल्ला रहमतनगर निवासी चेतन चौधरी उर्फ चेतेंद्र सिंह और क्षेत्र के गांव मीरापुर निवासी विजयवीर सिंह व भूरा जाटव को बुधवार सुबह उनके घर से गिरफ्तार किया, जिन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट मुरादाबाद की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया। चेतन चौधरी सात वर्ष पहले सपा के टिकट पर नगरपालिका के मोहल्ला रहमतनगर के वार्ड से सभासद निर्वाचित हुआ था।