हावड़ा से जम्मूतवी के बीच चलने वाली (12331) हिमगिरि एक्सप्रेस से 50 लाख रुपये का माल चुराने वाले आरोपियों को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हौजरी (कपड़े) के 16 नग बरामद हुए हैं। इन नगों की चोरी चार फरवरी को हुई थी।
आरोपियों ने ट्रेन की बोगी से मुरादाबाद रेल मंडल के काकोरी स्टेशन के नजदीक नग फेंक दिए थे। मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को चारबाग रेलवे स्टेशन से दो आरोपियों सन्नी निवासी गोविंद नगर जिला कानपुर, रिंकू निवासी मलिहाबाद जिला लखनऊ को गिरफ्तार किया गया है।
सन्नी के पास से एक पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिसमें छह सूट के कपड़े थे। उसकी निशान देही पर बालागंज चौराहे से एक पिकअप वाहन से बाकी माल बरामद हुआ। वाहन चालक अमित निवासी थाना अतरौली जिला हरदोई को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ सीआईबी शाखा के इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी सन्नी पार्सल एजेंट का काम करता है। जो ट्रेन व सड़क मार्ग से लुधियाना व पंजाब के अन्य स्थानों पर पार्टी का माल भेजता है। आपसी रंजिश के कारण उसे अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया था।