ठाकुरद्वारा। नगर के एक टाइप सेंटर संचालक के ट्रेनर को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके यूट्यूब चैनल पर अभद्र कमेंट कर जान से मारने की धमकी दी। नगर के मोहल्ला वार्ड आठ निवासी साजिद खान ने रविवार को पुलिस को शिकायती पत्र देकर कहा कि वह नंगलिया रोड पर जनता टाइपिंग सेंटर चलता है। उसके सेंटर पर ललित चौहान, अरबाज खान और प्रियंका चौहान ट्रेनर के रूप में काम करते हैं। सेंटर की टाइप की गाइडिंग की वीडियो चैनल पर अपलोड की गई थी। आरोप है कि रविवार को सुबह करीब 9:30 बजे ट्रेनर अरबाज खान के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। उसने टाइपिंग से संबंधित जानकारी मांगी। इस पर यूट्यूब चैनल पर जानकारी दे दी गई। इस पर फोन करने वाले ने यूट्यूब चैनल पर अभद्र कमेंट किया गंदी गालियां देते हुए अरबाज खान को धमकाया। साजिद खां का आरोप है कि कुछ लोग टाइपिंग सेंटर चलाने की रंजिश में उसका मनोबल कम करने और सेंटर को बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। उसने आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।