कांठ। मंगलवार की रात छजलैट के गांव सीकरी में चोर-चोर के शोर की अफवाह के दौरान पटाखेबाजी किए जाने पर एक ही कुटुंब के दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें एक पक्ष के सरदार सिंह उनका बेटा अनुज कुमार और पुत्रवधु शालू तथा दूसरे पक्ष से जतिन घायल हो गए। दोनों के परिजन घायलों को लेकर थाने आए। पुलिस ने चारों घायलों को इलाज व चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी कांठ भेज दिया। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक इलाज करने के बाद अनुज को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अनुज पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पास गांव के युवकों को बुलाकर उनके घर पर चढ़ाई कर मारपीट की है। जबकि महेंद्र सिंह पक्ष ने अनुज पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों ओर से कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई हैं। पुलिस ने दोनों ओर के एक-एक युवक को गिरफ्तार कर शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की है।