मुरादाबाद। सिविल लाइंस के मोरा की मिलक निवासी सेवानिवृत्त दरोगा के घर से चोरों ने एक लाख तीस हजार रुपये की नकदी और करीब साढ़े सात लाख रुपये की कीमत के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार बाहर गया था। घर लौटने पर जानकारी हो पाई।
सेवानिवृत्त दरोगा आत्माराम ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ अपनी रिश्तेदारी मझरा मिश्रीपुर गए थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के ताले तोड़कर दिए और अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी से पांच लाख रुपये की कीमत के सोने के जेवर और ढाई लाख रुपये की कीमत के चांदी के जेवर के अलावा एक लाख तीस हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। परिजन सुबह को घर लौटे तो उन्हें चोरी की जानकारी हो पाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है।