सिविल लाइंस क्षेत्र के महलकपुर स्थित निर्यात फर्म में बुधवार की रात चोर दीवार में कूमल लगाकर डेढ़ लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। पिछले 81 दिन में इस फर्म में तीसरी बार चोरी की घटना हो चुकी है। जिसमें में चोर अब तक 20 लाख रुपये का सामान ले गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में रामगंगा विहार में रेलवे स्टेडियम के पास रहने वाले संदीप कक्कड़ निर्यातक हैं। उनकी अगवानपुर महलकपुर में निर्यात फर्म है।निर्यातक के बेटे श्रेष कक्कड़ ने बताया कि निगरानी के लिए उन्होंने फर्म में 31 सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। वह हर रोज सुबह उठते ही सबसे पहले कैमरे चेक करते हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने रोज की तरह उठकर अपने मोबाइल पर कैमरे चेक किए। जिसमें कुछ दिखाई नहीं दिया। तब उन्होंने कर्मचारी को फर्म में कॉल करके कैमरे चेक करने को कहा। कर्मचारी ने कमरे का ताला खोला तो दीवार में कूमल हुआ था। फर्म से सिल्ली, ब्रास की रॉड, कॉपर और एल्युमिनियम के करीब डेढ़ से दो लाख रुपए का माल चोरी करके ले गए। निर्यातक कहना है कि फर्म में 81 दिन में तीन बार चोरी हो चुकी है। 24 जुलाई की रात चोर दीवार तोड़कर करीब 14 लाख रुपए का माल चोरी कर ले गए थे। इससे पहले भी यहां चोरी हो चुकी है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।