कांठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्बा अगवानपुर बाईपास स्थित मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी इदरीश का 22 वर्षीय बेटा वसीम 29 नवंबर को अगवानपुर की एक बैंड-बाजा टीम के संचालक के साथ मजदूरी पर छजलैट के गांव भीकनपुर स्थित एक मैरिज हाल में आयोजित कार्यक्रम में आया था। लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। रिश्तेदारियों व सभी संभावित स्थानों पर काफी तलाशने के बाद भी उसका कोई पता नहीं लगा था। पिता इदरीश ने तभी छजलैट पुलिस को बेटे के लापता होने की सूचना दे दी थी। पुलिस ने भी तलाश की लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली। इदरीश ने बताया कि मैरिज हाल के सीसीटीवी कैमरों में उसका बेटा दिखाई दिया है। आरोप है कि उसके बेटे को साथ लाने वाले अब कुछ भी नहीं बता रहे हैं। शनिवार को लापता की मां परवीन ने छजलैट थाने आकर पुलिस को कार्रवाई के लिए नामजद तहरीर दी है। संवाद
..