मुरादाबाद। सीएम के आने से कुछ देर पहले राधाकृष्ण मंदिर गंज बाजार निवासी शांति ओझा मंच के सामने बनी वीआईपी गैलरी में एक छोटी बच्ची के साथ पहुंच गई। वहां आगे पड़े सोफे पर बैठकर वह रोने लगी।
पास की मीडिया गैलरी में खड़े मीडियाकर्मियों ने जब उसे रोते हुए देखा तो कारण जानना चाहा। इस पर वह जोर-जोर से रोते हुए अपना दुखड़ा सुनाने लगी। महिला ने बताया कि उसके बेटे गौरव का एक गुंडे ने मर्डर कर दिया था। तमाम जगह भाग दौड़ कर चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लिहाजा वह मुख्यमंत्री को अपना दुखड़ा सुनाने आई है।
तब वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों व खुफिया विभाग के अधिकारियों का ध्यान उस महिला पर गया। इसके बाद आनन-फानन महिला पुलिसकर्मी वहां पहुंची और उसे वीआईपी गैलरी से बाहर लें गईं। यह सब देख वहां मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने वहां मौजूद खुफिया विभाग की टीम को खूब खरीखोटी सुनाई।
-