कांठ। नगर के मोहल्ले की महिला उमरी स्थित एक अस्पताल में काम करती है। पुलिस को दी नामजद तहरीर में महिला ने कहा है कि वह बुधवार की देर शाम उमरी जाने को वाहन के इंतजार में रेलवे क्राॅसिंग पर खड़ी थी। तभी वहां क्षेत्र के गांव का रहने वाला युवक बाइक से आया और बोला कि वह उमरी जा रहा है। वह उसके साथ चले उसे वह उमरी छोड़ देगा। महिला उसके साथ बाइक पर बैठ गई। महिला का आरोप है कि जब वह उमरी मार्ग पर मुख्त्यारपुर नवादा पहुंची तो आरोपी ने बाइक को लाडलाबाद जाने वाले जंगल के रास्ते पर मोड़ दिया। जब उसने कहा और विरोध किया तो उसने बाइक को और तेज गति से दौड़ा दिया। उसने चलती बाइक से कूदकर खुद को बचाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ चला गया।