अमरोहा। बृहस्पतिवार की रात आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने जमकर कहर बरपाया। मिर्जापुर गांव में भरभरा कर गिरी दीवार के नीचे दबकर 64 वर्षीय बांकेलाल की मौत हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ ने मलवा हटाकर बाहर निकाला। जानकारी मिलने पर तहसीलदार समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, आंधी से जगह-जगह पेड़, खंभे और बिजली के तार टूट कर गिर गए। इससे शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
नौगावां सादात थानाक्षेत्र के मिर्जापुर गांव में बांकेलाल का परिवार रहता था। पेशे से किसान बांकेलाल के परिवार में दो बेटे विरेंद्र कुमार और प्रवेंद्र कुमार है। पत्नी कांति देवी की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। उम्र दराज बांकेलाल सिंह बृहस्पतिवार की रात घर में सो रहे थे। तभी आंधी बारिश के चलते घर की दीवार भरभरा उनके ऊपर गिर गई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मलवा हटाकर गंभीर रूप से घायल बांकेलाल को बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार की सुबह डीएम बीके त्रिपाठी के आदेश पर तहसीलदार व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे हादसे की जानकारी ली। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, आंधी के चलते बादशाहपुर गांव में बिजली का खंभा गिर गया। जिससे वहां की आपूर्ति ठप हो गई। जबकि, नौगांवा सादात के हुसैनी चौक पर पिलखन का पेड़ उखड़ कर वहां खड़ी बाइकों पर गिर पड़ा। जिससे कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। शहर से लेकर गांव तक आंधी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। अहरोई, कताई मिल और दायद सराय में भी पेड़ गिए गए। जिससे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि बिजली कर्मचारी बिजली के खंभे और तारों को दुरुस्त करने में जुटे रहे।