जयंतीपुर पुलिया के पास करूला नाले पर निर्माण कर किए गए अतिक्रमण को तोड़ने पहुंची नगर निगम की टीम को मजिस्ट्रेट और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण बिना कार्रवाई वापस लौट आई।
भोलानाथ, महाशिव कॉलोनी में जलभराव की समस्या के लिए वहां रहने वाले लोगों ने करूला नाले पर आगे अतिक्रमण होना बताया था। सर्वे के बाद चिह्नित स्थानों पर तोड़फोड़ के लिए मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को मजिस्ट्रेट और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर नाले से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए सोमवार जयंतीपुर पुलिया के पास पहुंच भी गई, लेकिन वहां कुछ देर रुकने के बाद बिना कार्रवाई वापस लौट गई। इस संबंध में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी, लेकिन पीडब्ल्यूडी की ओर से सिर्फ एक अवर अभियंता पहुंचे। मजिस्ट्रेट भी नहीं पहुंच सके। इसलिए टीम बिना कार्रवाई लौट आई। उन्होंने इसकी सूचना मंडलायुक्त को भी दे दी है। आगे निर्देश मिलने पर टीम कार्रवाई के लिए पहुंच जाएगी।
डबल फाटक से ईदगाह चौराहे तक हटेगा नाले से अतिक्रमण
मुरादाबाद। डबल फाटक से ईदगाह चौराहे तथा हनुमान मूर्ति तिराहे तक नाले पर किया गया अतिक्रमण हटेगा। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद ये निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सोमवार स्टेशन रोड होते हुए डबल फाटक, ईदगाह चौराहे से हनुमान मूर्ति तिराहे तक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों ओर नाले की सफाई व्यवस्था को देखा। डबल फाटक से हनुमान मूर्ति की के ओर कई जगह कुछ व्यक्तियों द्वारा नाले पर अपनी दुकान के सामने अवैध निर्माण व खोखा रखा है। नगर आयुक्त ने नाले पर किए गए सभी निर्माणों को हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उधर निर्माण विभाग की टीम ने मोहल्ला शिवनगर, लाइनपार, जाहिद नगर में मडपंप लगाकर जलनिकासी कराई। भोलानाथ कॉलोनी में कई जगह मिट्टी भरी बोरी लगाकर जलनिकासी का प्रयास किया गया। जीएमडी रोड व अन्य क्षेत्र में वर्षा के दौरान हुए गड्ढों को भरवाया गया तथा खुले मैनहोल को बंद किया गया। ब्यूरो