मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सुसराल आए युवक को उसकी सास ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार निवासी अमित एक कोठी पर चौकीदारी का काम करता है। परिवार में पत्नी शिवानी, एक बेटा और एक बेटी हैं। अमित के अनुसार बुधवार को उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद उसने अपनी मां को बुला लिया था। बाद में पत्नी बच्चों को लेकर मां के साथ मायके चली गई । बृहस्पतिवार की दोपहर उसकी पत्नी ने कॉल करके कहा कि बच्चे बहुत याद कर रहे हैं, आ जाओ। वह ससुराल पहुंचा तो सास ने झगड़ा करते हुए उसको धक्का देकर घर से भगाना शुरू किया। झगड़े के दौरान सास ने पेट में चाकू से वार कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसने आरोपी सास के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।