कांठ। छजलैट क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए खुशी की खबर है, अब उन्हें जल्द ही लो-वोल्टेज और बिजली ओवरलोडिंग से निजात मिलने जा रही है। क्योंकि गांव भीकनपुर में 2.10 करोड़ की लागत से बना 33/11 केवीए का दूसरा बिजली उपकेंद्र 26 जनवरी तक संचालित हो जाएगा। इसमें लगाए गए ट्रांसफार्मरों और मशीनों का टेस्टिंग चल रही है। कांठ तहसील में छजलैट क्षेत्र उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करने के लिए गांव भीकनपुर में 33/11 केवीए का पुराना बिजली उपकेंद्र स्थापित है, लेकिन यह काफी जर्जर और पुराना होने के कारण इसकी मशीनें भी सही ढंग से काम नहीं कर पाती हैं। वहीं बरसात के दिनों में इस उपकेंद्र में पानी भी भर जाता है, जिसके कारण बिजली आपूर्ति कई-कई दिन तक बाधित रहती है। इस समस्या के समाधान को 33/11 केवीए का नया बिजली उपकेंद्र पार्ट-2 बनाने के लिए बिजली निगम द्वारा इसे बिजनेस प्लान 2023-24 में शामिल किया गया था। मंजूरी मिलने के बाद भीकनपुर में ही पुराने बिजली उपकेंद्र के पास ही नए उपकेंद्र का 2.10 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अब यह उपकेंद्र बनकर पूरी तरह से तैयार हो गया है। यहां पांच एमबीए का बड़ा बिजली ट्रांसफार्मर के साथ ही अन्य मशीनें भी लगाई गई हैं। 26 जनवरी तक नए बिजली उपकेंद्र को संचालित कर दिया जाएगा। जिसके बाद छजलैट क्षेत्र के उपभोक्ताओं को जल्द ही लो-वोल्टेज और बिजली ओवरलोडिंग आदि की समस्या से निजात मिल जाएगी।