मुरादाबाद। देहरादून में बस में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद देहरादून पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ कर मुरादाबाद पुलिस के अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद मूंढापांडे थाने की पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी बेटी 12 दिन पहले घर से निकली थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है।
देहरादून आईएसबीटी पर खड़ी रोडवेज बस में किशोरी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। देहरादून के पटेल नगर थाने की पुलिस ने पीड़ित किशोरी से पूछताछ के बाद मुरादाबाद पुलिस से संपर्क किया। जानकारी मिलने के बाद मुरादाबाद एसएसपी ने देहरादून के पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। पता चला कि पीड़िता मूंढापांडे थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है।
पीड़िता अपने माता-पिता के साथ रहती है। उसका बड़ा भाई रामपुर जिले में मजदूरी करता है। ग्राम प्रधान ने बताया कि किशोरी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। बेटी की हालत ठीक न होने से माता-पिता की भी मानसिक रूप से परेशान रहते हैं।
पिता ने बताया कि पहले भी कई बार उसकी बेटी बिना बताए ही घर से जा चुकी है। ग्राम प्रधान किशोरी के परिजनों को लेकर देहरादून रवाना हो गए। किशोरी की देहरादून में सीडब्ल्यूसी काउंसलिंग कर रही है। देहरादून पुलिस के अनुसार, पहले किशोरी ने अपना पता पंजाब का बताया था, लेकिन रविवार को उसने मुरादाबाद के मूंढापांडे का पता बताया।