मंडी धनौरा/चुचैला कलां। गांव के एक मोहल्ले में बीते कई सालों से जलभराव की समस्या चली आ रही है। हर साल बरसात के मौसम में मोहल्ले में घुटनों तक पानी भर जाता है। रविवार को एक महिला की मौत होने पर उनका जनाजा जलभराव के बीच से होकर ले जाना पड़ा। जनाजे में शामिल होने के लिए ग्रामीणों को ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
मोहल्ला खदाना निवासी महिला रोशनजहां की रविवार को बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सुपुर्द ए खाक करने के लिए परिजनों के अलावा रिश्तेदार व मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। उनके जनाजे को जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ा। परिजनों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। मोहल्ले के लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर कब्रिस्तान तक पहुचे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मोहल्ले में जलभराव से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले में स्थित तालाब गंदगी से अटा पड़ा होने के कारण पानी सड़कों पर फैल जाता है।