सिविल लाइंस की अवंतिका कॉलोनी में रहने वाले गोपाल सैनी सब्जी बेचते हैं। उनका बेटा लक्ष्मण फर्म में नौकरी करता था। रविवार रात वह अपने दोस्तों के साथ ब्रजघाट से गंगाजल लेने गया था। गजरौला में सांड़ से टकराकर उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर लक्ष्मण के पिता गोपाल सैनी, मां रतन देवी, दो बहनें मोनिका और पूजा, छोटे भाई राज कुमार और राजेश चीख-चीखकर रोने लगे।
मृतक के भाई राजेश ने बताया कि दोनों बहनें मोनिका और पूजा एक दिन पहले ही तीनों भाइयों के राखी खरीदकर लाई थीं। सोमवार दोपहर में राखी बांधने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही हादसे में भाई की मौत ने सभी को तोड़ दिया। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
भाई ने दोस्तों पर लगाया गुमराह करने का आरोप
राजेश ने बताया कि रविवार रात घर के बाहर उसका भाई लक्ष्मण अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। रात में ही घर में बिना बताए ही वह दोस्तों के साथ बाइक से ब्रजघाट गंगाजल लेने चला गया था। भाई की हादसे में मौत हो गई, लेकिन उसके दोस्तों ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी। भाई का आरोप है कि दोस्तों ने उन्हें बताया कि लक्ष्मण को पुलिस ने पकड़ लिया है। वह सुबह तक वापस आ जाएगा। देर रात गजरौला से पुलिस ने फोन किया तब परिजनों को हादसे की जानकारी हुई। इसके बाद भी दोस्त उन्हें गुमराह करते रहे।