मुरादाबाद। पीवीवीएनएल की हेल्पलाइन 1912 के संचालकों द्वारा उपभोक्ताओं के नंबर ब्लॉक करने के बाद एमडी के आदेशों पर मंडल में कंट्रोल रूम बनाया गया। यहां एसडीओ व एक्सईएन को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई। इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरी है। दो दिन पहले बने इस कंट्रोल रूम से रात में उपभोक्ताओं के फोन का जवाब नहीं मिलता, जबकि एमडी चैत्रा वी ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार रात शहर के पीतलबस्ती बिजलीघर से जुड़े कई फीडरों पर घंटों बिजली गुल रही। वहीं गांवों में मूंढापांडे व भगतपुर क्षेत्र में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। लोगों ने कंट्रोल रूम के नंबर 9193300109 पर कॉल लगाई, लेकिन फोन नहीं उठा। परेशान उपभोक्ताओं ने शनिवार को एमडी को पत्र भेजा है। इसमें लिखा है कि 1912 व टोल फ्री नंबर की तरह क्षेत्रीय कंट्रोलरूम से भी उपभोक्ताओं को कोई तरजीह नहीं मिल रही है। उन्होंने एमडी से संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी ने पत्र में एमडी से अपील की है कि मुरादाबाद दौरे पर आएं और बिजली व्यवस्था से संबंधित किसानों की समस्याएं सुनें।
यह था मामला : इस सप्ताह मंगलवार रात हुई बारिश के कारण मुरादाबाद शहर के बुद्धि विहार व रेल विहार कॉलोनी में रात भर बिजली की समस्या रही। उपभोक्ताओं ने कई बार 1912 पर कॉल किया तो उधर से नंबर ब्लॉक कर दिए गए, जबकि कुछ उपभोक्ताओं के फोन होल्ड करके छोड़ दिए गए। इसके बाद उपभोक्ताओं ने मुख्यालय तक शिकायत पहुंचाई थी। इसके बाद मंडल स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए।
ये हैं कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर
क्षेत्र का नाम मोबाइल नंबर
मेरठ 9193330312
गाजियाबाद 9193320115
बुलंदशहर 9193302137
सहारनपुर 9193330422
मुरादाबाद 9193300109
नोएडा 0120-2510738