जगह-जगह ट्रैक पर कार्य के चलते सैकड़ों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रामपुर-बरेली के बीच लूप लाइन निर्माण के कारण 23 जून को (04067) दरभंगा-दिल्ली एक्सप्रेस के 90 मिनट देरी से पहुंचने की सूचना रेलवे ने यात्रियों को दी थी, जबकि यह ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन पर 12 घंटे लेट पहुंची। इस ट्रेन के बारे में जानकारी लेने के लिए यात्री बार-बार पूछताछ काउंटर पर पहुंच रहे, लेकिन उन्हें सही जानकारी नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरभंगा-दिल्ली एक्सप्रेस को यहां दोपहर 1:30 बजे पहुंचना था, जबकि देर रात 1:40 बजे पहुंची। ट्रेन का दूसरा रैक 23 जून को दरभंगा से शाम छह बजे चलना था, लेकिन रात 10 बजे तक वहां से रवाना नहीं हो पाया। इसके कारण आज भी यह ट्रेन घंटों देरी से मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी तरह (12369) हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे देरी से पहुंची। रामपुर-बरेली के बीच दुगनपुर में लूप लाइन बनाने का काम 26 जून तक चलेगा। रेलवे की घोषणा के मुताबिक 23 जून को (20506) नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, (12204) अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 75 मिनट देरी से चलनी थीं। (15211) जननायक एक्सप्रेस को रास्ते में 30 मिनट, (15128) नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को 45 मिनट, (05531) रक्सौल-आनंदविहार स्पेशल को एक घंटा व (04624) को दो घंटे रोककर चलाया जाना था लेकिन वास्तविकता इससे अलग रही।
ये ट्रेनें रहीं लेट
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम कितनी लेट
04067 दरभंगा-दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस 12 घंटे
12369 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 4:36 घंटे
13307 धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलुज एक्सप्रेस 3:21 घंटे
12204 अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 3 घंटे
15211 दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 2 घंटे
चंदौसी होकर गुजारी गईं ये ट्रेनें
रामपुर-बरेली के बीच नॉन इंटरलॉकिंग व लूप लाइन निर्माण के कारण मुरादाबाद से गुजरने वाली चार ट्रेनों को चंदौसी होकर चलाया गया। इसमें (12369) हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, (15909) डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस, (12204) अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस व (15910) लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों से रामपुर जाने वाले यात्रियों को दूसरा विकल्प खोजना पड़ा।
- विभिन्न स्थानों पर ट्रैक सुधार का कार्य चल रहा है। नई लूप लाइनें बनाई जा रही हैं। इस कारण यात्रियों को कुछ दिन असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। 26 जून को ब्लॉक खत्म होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।
- आदित्य गुप्ता,
सीनियर डीसीएम