दबंगों ने अगवानपुर क्षेत्र में धमकी देकर ट्रैक्टर से एक किसान के खेत की फसल तहस नहस कर दी। विरोध करने पर उसे ट्रैक्टर से कुचल कर मारने की भी कोशिश की। इस मामले में एसएसपी के हस्तक्षेप करने पर सिविल लाइंस पुलिस ने पिता और उसके पांच बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस घटना की जांच कर रही है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अगवानपुर मोहल्ला सादात निवासी कमरुल हसनैन उर्फ हसन नवाब ने बताया कि उसकी जमीन पर कलालपुरी निवासी अख्तर और उसके बेटे जबरदस्ती कब्जा करना चाहते थे।
किसान ने इसकी शिकायत चार जून को अगवानपुर पुलिस चौकी में की। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित दो दिन बाद एसएसपी कार्यालय को अवगत कराया फिर भी स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसान का आरोप है कि इसी कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।
आठ जून की रात आरोपी अख्तर और उसके पांच बेटे उस्मान, इमरान, सुलेमान, फुरकान और इरफान चुपके से ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर खेत पर पहुंच गए। आरोपी खेत में लगी गन्ने और सब्जी की फसल को ट्रैक्टर से रौंद दिया।
जानकारी मिलने पर किसान खेत पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज की और ट्रैक्टर से कुचल कर जान से मारने की कोशिश की। वहां से किसान किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल हो गया।
किसान ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दस लाख रुपये रंगदारी मांगी। पैसे नहीं देने पर जमीन पर पूरा कब्जा कर लेने की धमकी दी। किसान का कहना है कि वह 70 साल से अपनी जमीन पर काबिज है।
इस मामले में उसने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने केस दर्ज किया। सीओ अर्पित कपूर का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।