पाकबड़ा क्षेत्र के रतनपुर कलां गांव में सोमवार की सुबह पेपर देने जा रहे स्कूटी सवार भाई-बहन को दबंगों ने मामूली बात पर पीट दिया। दबंगों ने भाई-बहन ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की कोशिश भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर कलां गांव निवासी फुरकान और उसकी बहन हिंदू कॉलेज मुरादाबाद से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार की सुबह दोनों स्कूटी से परीक्षा देने के लिए मुरादाबाद जा रहे थे। गांव के रास्ते में बारिश के चलते जलभराव हो गया था। इस दौरान गांव के चार लोग कार से गुजर रहे थे। जिसपर फुरकान ने आराम से कार चलाने का कहा। जिसे सुनकर कार सवार भड़क गए। चारों ने मिलकर फुरकान और उसकी बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें फुरकान लहूलुहान हो गया। यही नहीं दबंगों ने फुरकान और उसकी बहन पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की।
भाई-बहन ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान चीखपुकार मची रही। चालक ट्रैक्टर को लेकर भाग गया। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल फुरकान को जिला अस्पताल भर्ती कराया। पीड़ित फुरकान ने चारों के खिलाफ तहरीर दी। ग्रोथ सेंटर चौकी प्रभारी प्रमोद सोनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित और आरोपी एक ही मोहल्ले के हैं।