बिलारी। ब्लॉक के विजयपुर गांव में दो साल बीत जाने के बाद भी पाइप लाइन बिछाने के दौरान उखड़ी हुई सड़कें ठीक नहीं हो पाई हैं। जल जीवन मिशन के तहत विजयपुर गांव में ओवरहेड टैंक बनाने के लिए जलनिगम के ठेकेदार द्वारा लगभग दो साल पहले फाउंडेशन बनाया गया था लेकिन उसके बाद काम आगे नहीं बढ़ाया गया। ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए गांव की डामर वाली और सीमेंट से बनी सड़कें उखाड़ दी गईं। जहां खड़ंजे और सीसी टाईल्स से सड़कें बनी थीं वहां भी ईंटे उखाड़कर पाइप लाइन डाल दी गई। ग्राम पंचायत विजयपुर की प्रधान ब्रजवाला ने बताया कि जिस समय पाइप लाइन बिछाई जा रही थी तब ठेकेदार द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा होने के तत्काल बाद उखड़ी सड़कें ठीक करा दी जाएंगी लेकिन उसके बाद से अब तक जल निगम द्वारा कोई सुध नहीं ली गई। विजयपुर गांव निवासी विजेंद्र सिंह ने बताया कि उखड़ी सड़कों से होकर गुजरते समय ग्रामीण अक्सर चोटिल होते रहते हैं। विजयपुर गांव निवासी जागरुक युवक आदर्श कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में उखड़ी सड़कों में पानी भरने से कीचड़ हो जाती है। कई बार बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। विजयपुर गांव निवासी रानी देवी ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए गांव की सभी सड़कें खोद डाली गईं। दो साल बीत जाने के बाद भी न तो उखड़ी सड़कें ठीक हो पाई हैं न ही पानी की टंकी बनकर चालू हो पाई है।