मंडी धनौरा। थानाक्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ छेड़खानी की कीमत आरोपी युवक को पंचायत में चप्पल से पिटाई करवा कर अदा करनी पड़ी। बाद में पुलिस युवक को थाने ले आई थी लेकिन युवती पक्ष द्वारा कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं देने पर आरोपी को छोड़ना पड़ा। ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बृहस्पतिवार को एक गांव निवासी युवती बैंक में किसी काम से गई थी। आरोप है कि गांव के रहने वाले दूसरे वर्ग के एक युवक ने उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। युवती ने घर आकर इसकी शिकायत अपने परिजनों से की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस आरोपी युवक को पूछताछ के लिए थाने ले आई। इस बीच गांव के ही कुछ लोग मामले को रफा दफा करने के लिए सक्रिय हो गए।
शुक्रवार की सुबह गांव में एक पंचायत बुलाई गई। युवती के परिजनों ने युवक पर आरोप लगाए तो जिम्मेदार लोगों ने आरोपी युवक को फटकार लगाई। गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि पंचायत में युवती को बुलाया गया। उसने आरोपी युवक की चप्पल से पिटाई की। युवक ने भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की बात कही, जिसके बाद समझौता हो गया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर से घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस ने युवक को थाने बुला लिया था। इंस्पेक्टर ने छेड़खानी व पंचायत में युवक की पिटाई की घटना की जानकारी से इन्कार किया है। बताया कि युवती पक्ष द्वारा कोई शिकायत नहीं देने की वजह से युवक को छोड़ दिया गया था।