कुंदरकी। दो हजार की आबादी वाले कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम जैतिया फिरोजपुर में मस्जिद, शिवमंदिर और पंचायत सचिवालय से सीधे जोड़ने वाला रास्ता बदहाली का शिकार है। हालत यह है कि लगभग 250 मीटर की लंबे इस रास्ते में कीचड़ पसरी है और जलभराव की समस्या बनी हुई जिससे राहगीर परेशान हाल हैं। जैतिया फिरोजपुर खादर इलाके का गांव है जोकि गांगन नदी के भी नजदीक है। यहां बाशिंदे एक तरफ गांव में विकास को लेकर परेशान है तो दूसरी तरफ गांगन नदी में जलस्तर हर साल बरसात के मौसम में परेशानी का सबब बन जाती है जिससे किसानों को फसली नुकसान उठाना पड़ता है। जैतिया फिरोजपुर निवासी राकेश कश्यप ने बताया कि गांव में मस्जिद, शिवमंदिर और पंचायत सचिवालय को जाने वाले रास्ते पर वर्ष 2002 में खड़ंजा डाला गया तब से आज तक कोई ध्यान दिया जा रहा है। इमरतपुर सिंह का कहना कि रास्ते में कीचड़ पसरी हुई और जलनिकासी नहीं होने से जलभराव रहता है जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। असगर अली और हरीश चंद्र का कहना है कि रास्ते की बदहाली को लेकर जनप्रतिनिधियों और ब्लॉक अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है।