पाकबड़ा। थानाक्षेत्र के महलकपुर माफी गांव में एक युवक ने आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिससे गांव में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी की तलाश में उसके घर दबिश दी लेकिन आरोपी भाग गया।
शनिवार की शाम को पाकबड़ा पुलिस को जानकारी मिली की महलकपुर माफी गांव में एक युवक ने एक धर्म विशेष के बारे में आपत्ति वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच के लिए गांव पहुंच गई। गांव में वीडियो वायरल होने को लेकर तनाव फैल गया था लेकिन गांव के अमन पसंद लोगों ने गांव में माहौल को शांत किया। मामले को पुलिस के ऊपर छोड़ दिया। गांव के लोगों ने भीड़ को समझा दिया कि पुलिस माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इधर मामले की जांच में पुलिस ने वीडियो बनाने वाले युवक की पहचान कर ली है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है लेकिन देर रात तक वह पुलिस की पकड़ में नही आया है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।