कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने किरायेदार पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कटघर थानाक्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसके मकान की ऊपरी मंजिल पर बबलू सिंह किराये पर रहता है। गुरुवार रात करीब नौ बजे वह सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। उस वक्त महिला की 19 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। आरोप है कि युवती को अकेला देख कर ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार कमरे में घुस गया और उसने युवती के दुष्कर्म की कोशिश की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसका गला दबाने लगा। इसी बीच युवती की मां बाजार से लौट आई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। मां बेटी ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी बबलू और युवती की मां के बीच पहले भी मकान खाली करने को लेकर विवाद हुआ था। तब आरोपी की ओर से एससीएसटी एक्ट में केस दर्ज कराया था। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।