पाकबड़ा (मुरादाबाद)। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में मंगलवार रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें गोली लगने से दस हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। बदमाशों का पीछा करते हुए एक सिपाही भी गिरकर जख्मी हो गया। सिपाही और बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया के मुताबिक, गोली लगने से घायल हुआ बदमाश रफी मूंढापांडे थाना क्षेत्र के खानपुर चमरुआ निवासी है। उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। मंगलवार रात पाकबड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि पाकबड़ा अगवानपुर बाईपास पर दस हजार का इनामी रफी अपने साथी के साथ हकीमपुर के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पाकबड़ा क्षेत्र में ही औरंगाबाद के मोड़ पर घेर लिया। बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो बदमाश रफी के पैर में गोली लगी और वो मौके पर ही गिर गया। जबकि उसका साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। इसी दौरान गिरने से सिपाही अंकित तेवतिया घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश रफी और सिपाही जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से नमूने लिए। पुलिस ने मौके से एक बाइक, तमंचा व मोबाइल बरामद किया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया की रफी अंतरजपदीय बदमाश है। रफी के खिलाफ कुंदरकी, कटघर, मूंढापांडे और बिजनौर में डकैती, चोरी, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में सात केस दर्ज हैं। उसके साथी की तलाश की जा रही है।