मुरादाबाद। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम का बुलडोजर सिविल लाइंस क्षेत्र में चला। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मची रही।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर निगम की टीम अधिशासी अभियंता (निर्माण) बिजेंद्र कुमार पाल की अगुवाई में टीम ने सोमवार सुबह जैन मंदिर के पास से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। टीम ने मंडलायुक्त कार्यालय के सामने से होते हुए कचहरी तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान नालों के ऊपर डाली गई स्लैब और टिन शेड समेत 32 स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। एक स्थान पर सड़क पटरी पर जेनरेटर रखा मिला। जेनरेटर के मालिक समेत अन्य अतिक्रमणकारियों से 37 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। अभियान इस मौके पर कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद, कर अधीक्षक मंगल सिंह पापड़ा, राजस्व निरीक्षक केशव विश्नोई, शुभम कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, मयंक चौैधरी, प्रभारी प्रवर्तन प्रभारी कर्नल एके शाही तथा संबंधित थाना क्षेत्र का पुलिस बल मौजूद रहा।