मुरादाबाद। नागफनी क्षेत्र में मंगलवार शाम दोस्तों के साथ रामगंगा नदी में नहाते समय 17 वर्षीय किशोर नीरज बह गया। अन्य किशोरों के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर बुला लिए और किशोर की तलाश की गई लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस के मुताबिक नागफनी के बंगलागांव निवासी गणेश का 17 वर्षीय बेटा नीरज मंगलवार की शाम घर से बाहर घूमने निकला था। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं आया। इसी बीच वह अपने दोस्तों के रामगंगा किनारे चला गया। बताया जा रहा है कि नीरज और उसके दोस्त नहाने के लिए रामगंगा नदी में उतर गए। इसी दौरान नीरज पानी की तेज बहाव के साथ बह गया। कुछ ही देर में गहरी खाई में चला गया और लापता हो गया। उसके दोस्त रामगंगा से बाहर निकल आए और शोर मचा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन भी आ गए। पुलिस ने गोताखोर बुला लिए और युवक की तलाश शुरू की गई लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। बुधवार सुबह फिर से किशोर की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला गया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह फिर से किशोर की तलाश में सर्च आपरेशन चलाया जाएगा।