सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में कांठ रोड पर शेरुआ धर्मपुर चौराहे के पास शनिवार को टैंकर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला पुष्पा की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका पति रामौतार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर भाग गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अमरोहा जनपद के अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के सुंदरपुर चाऊपुरा निवासी रामौतार सैनी की बहन ओमवती पत्नी गंगाराम मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास रहती है। शनिवार को बहन की बहू ने बेटी को जन्म दिया था। रामौतार अपनी पत्नी पुष्पा के साथ नवजात को देखने के लिए बहन के घर जा रहे थे। दंपती की बाइक शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे शेरुआ धर्मपुर चौराहे के पास पहुंची। इसी दौरान पीछे से आ रहे टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक टैंकर दौड़ा कर भाग गया। इस हादसे में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया लेकिन खून के अधिक बह जाने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घायल को कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी मिलने पर परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए।
परिवार के लोगों ने बताया कि रामौतार सैनी मजदूरी करता है। परिवार में बेटा उदित सैनी आईटीआई का छात्र है और बेटी सलोनी आठवीं कक्षा में पढ़ती है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। चालक और टैंकर की तलाश की जा रही है।