अगवानपुर (मुरादाबाद)। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अगवानपुर पेपर मिल चौराहे पर शनिवार की शाम टायर में हवा भरने के दौरान टंकी फट गई। तेज धमाके के साथ टंकी फटकर 35 मीटर दूर दीवार से जा टकराई। इस हादसे में ठेले पर पकौड़ी खा रहे एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दुकान स्वामी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के महमूदपुर ध्यान सिंह निवासी बाबूराम की अगवानपुर पेपर मिल चौराहे पर टायर पंक्चर जोड़ने और हवा भरने की दुकान है। बाबू अपनी पत्नी माला देवी के साथ यहां दुकान पर मकान बनाकर रहता है। वहीं बेटे अंकित और आकाश गांव में ही रहते हैं। शनिवार की शाम पत्नी माला देवी घर में खाना बना रही थी। बाबूराम दुकान के बाहर टायर में पंक्चर जोड़ रहा था। इसी दौरान टंकी फट गई और दीवार से जाकर टकरा गई। इसकी चपेट में आकर बाबू करीब 25 मीटर की दूर सड़क पर जा गिरा। ठेले पर पकौड़ी खा रहे अंकुश निवासी अगवानपुर और युवक अमानुद्दीन निवासी दिल्ली उसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में 18 वर्षीय अमानुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकुश घायल हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कांठ रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
पांच दिन पहले नाना के यहां आया था अमानउद्दीन
दिल्ली के जेजे कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय अमानुद्दीन के नाना हाजी मोहम्मद अहसान सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के हरथला में रहते थे। मामा मोहम्मद अकमल के अनुसार पांच दिन पहले ही अमानुद्दीन यहां आया था। अगवानपुर पेपर मिल चौराहे के पास पीतल की फार्म में छोटे मामा मोहम्मद फिशान काम करते हैं। शनिवार को वह उनसे मिलकर घर लौट रहा था। मामा ने उसको पैसे और अपने खाने का टिफिन दिया था। इसी दौरान वह एक ठेले पर पकौड़ी खाने के लिए रुक गया। इसी दौरान हादसा हो गया और युवक की जान चली गई।
धमाके की आवाज से कुछ देर के लिए रुकी सांसें
अगवानपुर पेपर मिल चौराहे अब्दुल हसन का खाने का होटल है। शनिवार को वह अपने होटल में बैठे थे। उनसे महज 5 मीटर की दूरी पर दीवार से एक बड़ी लोहे की टंकी तेज आवाज से टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी दुकान हिल गई। आवाज के बाद उनकी कुछ देर के लिए सांसे रुक गई। उन्होंने देखा कि एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा है। उन्होंने लोगों की मदद एक घायल को कार तो दूसरे को ऑटो से निजी अस्पताल में पहुंचाया।