कांठ। चीनी मिलों को गन्ना ढो रहे ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ओवरलोडिंग होने के कारण इन वाहनों से गन्ना सड़कों पर गिर रहा है। जिससे हादसों का अंदेशा बना हुआ है। एसडीएम ने गन्ना ढोने वालों को ओवरलोडिंग नहीं करने की हिदायत दी है। शनिवार को छजलैट क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर बिश्नोई और कोकरपुर के बीच में पुलिस के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से काफी गन्ना सड़क पर गिर गया। इसी दौरान फत्तेहपुर बिश्नोई से लौट रहे कांठ के एसडीएम मयंक कुंडू भी रूक गए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक से जानकारी लेते हुए गन्ने की ओवरलोडिंग नहीं करने की हिदायत दी। कहा कि किसी भी दशा में ओवरलोडिंग नहीं होनी चाहिए। इस दौरान छजलैट थाने की फत्तेहपुर बिश्नोई चौकी पुलिस भी मौजूद रही।