अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने बताया कि चीनी मिलों द्वारा भारत सरकार से आवंटित कोटे के अनुसार 4500 से 4600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से चीनी की बिक्री की जा रही है। एक अक्तूबर को परिक्षेत्र की चीनी मिलों में चीनी का कुल उपलब्ध स्टॉक 21.75 लाख क्विंटल था। जबकि एक से 15 अक्तूबर को शुगर कोटा 8,61,130 क्विंटल है। एक से 13 अक्तूबर की शाम तक चीनी की कुल बिक्री 8,83,621 क्विंटल यानी कुल स्टॉक से 22,491 क्विंटल अधिक बिक्री रही है। 14 अक्तूबर को परिक्षेत्र की चीनी मिलों में 12.91 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक उपलब्ध है जो त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की मांग के हिसाब से पर्याप्त है। उन्होंने यह भी बताया कि शीघ्र ही परिक्षेत्र में पेराई सत्र 2026-27 के तहत माह अक्तूबर के आखिर या नवंबर के प्रथम सप्ताह में चीनी मिलों का संचालन शुरू हो जाएगा। आयुक्त गन्ना एवं चीनी उप्र ने जिला गन्ना अधिकारियों को जांच दल का गठन कर मौके पर चीनी के स्टॉक के सत्यापन के निर्देश दिए हैं।