कुंदरकी। ब्लॉक की ग्राम चितेरी में सड़क पर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाओं को पशुओं के लिए चारा लाने और रोजमर्रा के कामों के लिए इसी गंदे रास्ते से गुजरना पड़ता है। संजीव कुमार, अजय ठाकुर, ओम प्रकाश सिंह, गौरव कुमार, प्रदीप प्रजापति आदि ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार समस्या का समाधान कराने को गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब वह रास्ता ठीक कराने की मांग लेकर ग्राम प्रशासक के पास जाते हैं तो वह सरकार से निधि नहीं आने की बात कहकर टाल दिया जाता है। वहीं सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से गांव में गंदगी फैल रही है, इससे मच्छरों के पनपने और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जलभराव की समस्या दूर कराने और रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं ग्राम प्रशासक रामकिशोर सिंह का कहना है कि तालाब तक नाला निर्माण होना है जिसके निर्माण कार्य में धनराशि ज्यादा लगेगी जोकि विधायक निधि या फिर जिला एवं क्षेत्र पंचायत के माध्यम से बन सकेगा तब जाकर समस्या को स्थायी समाधान हो सके जबकि जलनिकासी को लेकर पहले भी ब्लॉक अधिकारियों के सामने ही दो पक्षों में तनातनी हो गई थी।