सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के कस्बा अगवानपुर में शुक्रवार को जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट के बाद पथराव हो गया। जिसमें एक युवक घायल हो गया। पीड़ित युवक ने आठ लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई मांग की है।
अगवानपुर के मोहल्ला ततारपुर निवासी जुनैद ने पुलिस को बताया कि कस्बे में उसकी पांच बीघा जमीन है। इसमें की तीन बीघा जमीन ग्राम समाज में शामिल हो गई है। दो बीघा खाली पड़ी थी। इस जमीन को मोहल्ले के कुछ लोगों ने कब्जे के लिए जोत लिया था। जानकारी मिलने पर शुक्रवार को जुनैद अपने चचेरे भाई मोहम्मद शान के साथ जमीन की वीडियो बनाने लगा।
दूसरे पक्ष के लोग खेत पर पहुंच गए और दोनों भाइयों को घेर लिया। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई। वह अपने घर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग जुट गए और पथराव शुरू हो गया। जिसमें जुनैद घायल हो गया। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।