मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे रजपुरा गांव में कार की टक्कर से बाइक सवार विशाल (30) की मौत हो गई। विशाल पत्नी को लेने अपनी ससुराल जा रहा था। हादसे के बाद अनियंत्रित हुई कार पुलिया से टकराकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हालांकि कार सवार मौके से भाग गए। उधर, हादसे के दौरान मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर जाम भी लग गया।
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुरा निवासी विशाल (30) पुत्र धर्मपाल सिंह किसान था। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बाइक से पत्नी को लेने गांव भीकनपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। जब वह मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग स्थित गांव रजपुरा पहुंचा तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही विशाल की मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकराकर खाई में पलट गई। टक्कर के दौरान हुई तेज आवाज सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जिससे मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर जाम लग गया। हादसे की सूचना पर छजलैट पुलिस और मृतक के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराया। वहीं हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग गए।
पुलिस कर्मी की बताई जा रही है कार
छजलैट। जिस तेज रफ्तार कार ने मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर बाइक को टक्कर मारी है वह किसी पुलिस कर्मी की बताई जा रही है। पुलिस को कार से सिपाही की कैप और शराब की तीन-चार बोतलें भी बरामद हुई हैं। बताया जा रहा है कि कार में कई व्यक्ति सवार थे जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। कार किसकी है और कहां से आ रही थी, शाम तक छजलैट पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई थी।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था विशाल
कार की टक्कर से जान गंवाने वाले छजलैट के गांव शेखूपुरा निवासी विशाल की मौत से उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा और विवाहित था। उसके एक बेटा भी है। विशाल की मौत से उसकी पत्नी पूजा, मां सुनीता, पिता धर्मपाल, भाई राहुल, विमल आदि परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।