मुरादाबाद। पूर्वांचल से दिल्ली व पंजाब के बीच रेलवे ने 11 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इन ट्रेनों के जरिये दशहरा, दिवाली व छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर यात्रियों की कंफर्म टिकट की किल्लत से छुटकारा दिलाने की कोशिश की है।
रेल मंडल के मुरादाबाद, चंदौसी व बरेली स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव होगा। यात्री अनारक्षित टिकट लेकर सफर कर सकेंगे। साथ ही बुकिंग की सुविधा भी रहेगी। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़कर संचालन करने का भी प्लान है। नवरात्र के दिनों में श्री माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इन ट्रेनों में विकल्प मिलेगा। बनारस से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन तक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। स्पेशल ट्रेनों का संचालन छह अक्तूबर से शुरू होगा और 17 नवंबर तक चलेगा।
ये स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
ट्रेन नंबर कहां से कहां तक
04634-23 श्री माता वैष्णो देवी-बनारस-श्री माता वैष्णो देवी
04080-79 दिल्ली-बनारस-दिल्ली
04530-29 बठिंडा-बनारस-बठिंडा
04096-95 आनंदविहार-अयोध्या-आनंदविहार
04518-17 चंडीगढ़-गोरखपुर-चंडीगढ़
04060-59 आनंदविहार-जयनगर-आनंदविहार
04068-67 दिल्ली-दरभंगा-दिल्ली
04044-43 आनंदविहार-गोरखपुर-आनंदविहार
04010-09 आनंदविहार-जोगबानी-आनंदविहार
04678-77 फिरोजपुर-पटना-फिरोजपुर
04211-12 बनारस-चंडीगढ़-बनारस
अंबाला से खड़गपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
मुरादाबाद। अंबाला छावनी से खड़गपुर के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। (04558) अंबाला छावनी-छड़गपुर स्पेशल एक्सप्रेस छह सितंबर को अंबाला से रात 12:30 बजे चलेगी। सुबह 5:05 बजे मुरादाबाद आएगी। यहां से बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर, जाफराबाद, वााराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, गोमो, पुरुलिया, टाटानगर होते हुए अगले दिन सुबह 5:20 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन सिर्फ एक फेरा लगाएगी। ब्यूरो