सपा जिला उपाध्यक्ष के बड़े भाई ईंट भट्ठा मालिक नसीम अहमद की कार अनियंत्रित होकर हरिद्वार में डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में नसीम अहमद (63) की मौत हो गई। वहीं कार में सवार पत्नी, बेटे सहित परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला पृथ्वीगंज निवासी सपा जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद अंसारी की भांजी की देहरादून में शादी थी। वह अपने भाई ईंट भट्ठा मालिक नसीम अहमद सहित परिवार के साथ शादी में शामिल होने गए थे। शादी में शामिल होने के बाद नसीम उनका बेटा, नाजिम, पत्नी शहाना व रिश्तेदार फहमीदा कार से कांठ लौट रहे थे। जब वह देहरादून से हरिद्वार होते हुए चंड़ी मंदिर के पास पहुंचे, तो वहां कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में नसीम अहमद की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा नाजिम, पत्नी शहाना व रिश्तेदार फहमीदा घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन बिना किसी कार्रवाई शव को घर ले आए। मंगलवार को गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक किया गया।
कांठ के सपा विधायक कमाल अख्तर, नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम अंसारी, सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फुरकान अली, जिला उपाध्यक्ष अतीकुर्रहमान, विधानसभा अध्यक्ष नाजिम सैफी, पूर्व चेयरमैन आबिद अंसारी आदि तमाम लोगों ने दुखी परिजनों के बीच पहुंचकर उन्हें ढंढस बंधया है। नसीम अहमद अपने पीछे पत्नी शहाना, बेटे नाजिम, नदीम, बेटी नाजिया, भाई नईम अहमद अंसारी को छोड़ गए हैं।