सपा मजदूर सभा के नेताओं ने जेल प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है। बताया कि जेल में मुलाकात और गिनती काटने के नाम पर वसूली की जाती है।
सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष शाकिर अली राइनी ने कलक्ट्रेट में समर्थकों के साथ पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी ज्योति सिंह को सौंपा। आरोप लगाया कि मुरादाबाद कारागार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। गिनती काटने के नाम पर पांच हजार रुपये से लेकर दस हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं। मुलाकात के नाम पर 200 से 500 रुपये लिए जाते हैं। कारागार में पट्टे भी बेचे जा रहे हैं। इस पर बंदी विश्राम करते हैं। निर्धन बंदियों का आए दिन उत्पीड़न किया जा रहा है। इससे पहले भी जनहित में शिकायत की गई थी लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई।
धनवान बंदियों को सुविधा शुल्क लेकर घर का खाना मंगाने की अनुमति दी जाती है। अंदर मोबाइल का भी प्रयोग होता है। कारागार में नशीले पदार्थ भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सपा के नेताओं ने मुख्यमंत्री से जेल का पूरा अमला बदलने और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्यवाही करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मो. कैफ, मो. नाजिम, मो. अदनान, फहीम मंसूरी, महबूब आलम अंसारी, दुर्योधन, विक्की वाल्मीकि, नौशाद, बहार, शाहिद अंसारी, कफील खान, बाबू, आदि मौजूद रहे।