मुरादाबाद। लेखपाल भर्ती परीक्षा के बाद अब सॉल्वर ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वनरक्षक भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की। आरएन इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर फोटो और हस्ताक्षर का मिलान नहीं होने पर कक्ष निरीक्षकों ने उसे पकड़ लिया। जांच में पता चला कि आरोपी अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने आया था। सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर परीक्षा देने आए आरोपी को गिरफ्तार कर कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अभिषेक फिरोजाबाद के कटोरा बुजुर्ग गांव का निवासी है। पुलिस उसके चचेरे भाई की तलाश कर रही है।
सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी के मुताबिक मुरादाबाद में वनरक्षक एवं वन्य जीव रक्षक परीक्षा के लिए आरएन इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी कि कक्ष संख्या दो में एक परीक्षार्थी निर्मल कुमार के फोटो और हस्ताक्षर का मिलान नहीं हो पा रहा है। शक होने पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने परीक्षार्थी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पहले अपना नाम विराज और बाद में अभिषेक कुमार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास दो आधार कार्ड मिले। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने चचेरे भाई के आधार कार्ड को स्कैन कर अपना फोटो लगा दिया था। वह बीएससी पास है और अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने आया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अभिषेक कुमार और असली परीक्षार्थी आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। दोनों फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थानाक्षेत्र के कटोरा बुजुर्ग गांव निवासी हैं। आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य छोटे लाल की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 410 परीक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
00000