मुरादाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों का मिलना जारी है। चार दिन पहले बैंगलूरू से लौटा साफ्टवेयर इंजीनियर कोरोना संक्रमित पाया गया। उसे कई दिनों से गले में खराश की शिकायत थी। वहीं जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 32 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर से तेज हो गई। पिछले चार दिनों में जिले में कोरोना के 24 नए केस सामने आ चुके हैं। संक्रमितों में किशोर से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। वहीं सात मरीज तीन परिवारों में मिले हैं। जो संक्रमण की चेन बनने की ओर इशारा करती है। हालांकि रविवार को सिर्फ एक पॉजिटिव केस मिला। शहर के आशियाना कॉलोनी का रहने वाला एक युवक बैंगलूरू में निजी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर है। बीस दिन पहले वह बैंगलूरू गया था। जहां से बुधवार को वह मुरादाबाद लौटा। इसके बाद उसे गले में खराश और बुखार की शिकायत हुई। शनिवार को कोविड की जांच कराई तो युवक पॉजिटिव निकला। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि जिले में 32 एक्टिव केस हैं।