मुरादाबाद। साइबर सेल के प्रयास से चार लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आ गई। चारों साइबर ठगी के शिकार हो गए थे। टीम ने बैंक और कंपनियों से संपर्क कर साइबर ठग के चंगुल में 2 लाख 63 हजार 453 रुपये पीड़ितों के खातों में वापस करा दिए हैं।
मझोला के मानसरोवर कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने साइबर सेल में शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके वापस एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा था कि वह बिजली विभाग से बोल रहा है। आरोपी ने बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन कटने के बारे में बताया था। जिससे अरविंद कुमार घबरा गए। आरोपी ने अपनी बातों में उलझा कर उनसे एनीडेस्क एप डाउन लोड करा लिया। इसके बाद उनके खाते से दो बार में दो लाख 16 हजार 14 रुपये निकाल लिए। साइबर सेल ने पूरी रकम वापस करा दी है। भोजपुर थानाक्षेत्र के मोहब्बतपुर निवासी ज्योति के खाते से 18,000 रुपये साइबर ठग ने निकाल लिए थे। साइबर सेल ने पूरी रकम वापस करा दी है। पाकबड़ा के पल्लूपुरा घोसी निवासी वैशाली ने हवाई जहाज टिकट बुक करने की कोशिश की थी। इसी दौरान वह साइबर ठगी शिकार हो गई थी। उसके खाते से 10,606 रुपये साइबर अपराधी ने दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। साइबर सेल ने पूरी रकम वापस करा दी है।मझोला थानाक्षेत्र के नया गांव निवासी रोहित कुमार से साइबर ठग ने बिजली बिल जमा करने के नाम पर 39,643 रुपये ठग लिए थे। रोहित ने इस मामले की शिकायत साइबर सेल में की थी। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि साइबर सेल ने साइबर ठगी के शिकार हुए चार लोगों की रकम वापस कराई है। अन्य केसों पर भी टीम काम कर रही है।